SUBSCRIBE
FOLLOW US
  • YouTube
Loading

मैत्रेयी कॉलेज के संस्कृतोन्नयन राष्ट्रीय व्याख्यानमाला में छात्रों को किया गया सम्मानित

चाणक्यपुरी स्थित मैत्रेयी कॉलेज के संस्कृत विभाग ने विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के संयोजन में 16 मार्च को संस्कृतोन्नयन राष्ट्रीय व्याख्यानमाला के दूसरे व्याख्यान का आयोजन किया। दीप-प्रज्ज्वलन एवं लौकिक मंगलाचरण से प्रारम्भ हुए इस कार्यक्रम में मैत्रेयी कॉलेज की छात्राओं ने संस्कृत भाषा में उपनिबद्ध काव्याली एवं गीतों की शानदार प्रस्तुतियां भी की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में विराजमान दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. सुभाष चन्द्र ने संस्कृत भाषा के संगणकीय महत्व को रेखांकित किया। उनके सारगर्भित, ओजस्वीपूर्ण एवं बहुविध ज्ञानसमाहित व्याख्यान में संस्कृत भाषा के अवयव, उसके रूपों, पाणिनि अष्टाध्यायी से सम्बन्धित ऑनलाइन टूल्स, संस्कृत व्याकरण से सम्बद्ध ऑनलाईन सर्वेक्षण की पद्धतियों एवं मशीनीकृत अनुवाद की विसंगतियों इत्यादि पर विशेषरूप से प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. हरित्मा चोपड़ा ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं का संस्कृत एवं कम्प्यूटर के अन्तःसम्बन्धों को लेकर गुणवत्तापूर्ण तुलनात्मक कार्य करने का आह्वान किया।

व्याख्यान के बाद संस्कृत विभागीय वार्षिकोत्सव वागर्थ के अन्तर्गत मैत्रेयी कॉलेज की संस्कृत विभाग की पांच छात्राओं प्रीति पाण्डेय, निधि, मनी झा, नीतू और सुनीता को इस वर्ष विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्तम प्रदर्शन करने के लिए प्रतिभाश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। तत्पश्चात्‌ वागर्थ से सम्बन्धित चार प्रतियोगिताएं चित्राधारित संस्कृत प्रहेलिका, संस्कृत-प्रश्नमंच, संस्कृत-श्लोकगायन एवं संस्कृत पद्याधारित चित्र-निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रतिभागियों से संगणकीय पद्धति से प्रश्न पूछे। निर्णायकों ने मैत्रेयी कॉलेज की प्रीति पाण्डेय को संस्कृत प्रश्नमंच एवं मैत्रेयी की ही सुनीता को चित्रनिर्माण के लिए प्रथम पुरस्कार के लिए चयनित किया। इसके अलावा किरोड़ीमल कॉलेज के आशु कुमार ठाकुर को चित्राधारित संस्कृत प्रहेलिका तथा कालिन्दी कॉलेज की वृद्धि बागड़े को श्लोकगायन हेतु प्रथम पुरस्कार के लिए संस्तुत किया गया, जिसके लिए इन्हें पुरस्कार राशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। साथ ही नीतू, प्रीति आनन्द, निशा, सुमित इत्यादि भी आकर्षक उपहार व प्रमाण प्राप्त करने में सफल रहे।

गौरलतब है कि इस कार्यक्रम में मैत्रेयी कॉलेज की छात्राओं के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल, कालिन्दी, इन्द्रप्रस्थ, आर्यभट्ट, सत्यवती, ज़ाकिर हुसैन इत्यादि कॉलेजों तथा इग्नू, अमेटी एवं श्री लाल बहादुर राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ इत्यादि विश्वविद्यालयों के अनेक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. प्रीति वर्मा ने किया तथा इसमें संस्कृत विभाग से डॉ. रेखा, डॉ. कुमुद, डॉ. विजय, सुश्री आकांक्षा शर्मा इत्यादि अध्यापकों ने शिरकत की।

Disclaimer: इस लेख में अभिव्यक्ति विचार लेखक के अनुभव, शोध और चिन्तन पर आधारित हैं। किसी भी विवाद के लिए फोरम4 उत्तरदायी नहीं होगा।

Be the first to comment on "मैत्रेयी कॉलेज के संस्कृतोन्नयन राष्ट्रीय व्याख्यानमाला में छात्रों को किया गया सम्मानित"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*