SUBSCRIBE
FOLLOW US
  • YouTube
Loading

तीसरे चरण में 14 राज्यों में 116 सीटों पर मतदान, मुलायम, आजम और शिवपाल, संबित पात्रा सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

तस्वीरः गूगल साभार

लोकसभा चुनाव-2019 के तीसरे चरण के लिए रविवार को चुनाव प्रचार थम गया। लोकसभा चुनाव के तीसरा चरण का मतदान मंगलवार यानी 23 अप्रैल को होगा। तीसरे चरण के मतदान में 14 राज्यों में 116 सीटों पर मतदान होगा। पहले 115 सीटों पर मतदान तय था लेकिन, त्रिपुरा पूर्व पर दूसरे चरण में वोटिंग रद्द होने से वहां भी 23 अप्रैल को चुनाव होना है। यानी अब कुल 116 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। तीसरे चरण का चुनाव उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, ओडिशा, असम और गोवा की कुछ सीटों पर होगा।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक तीसरे चरण में 95.5 लाख पुरुषों और 80.9 लाख महिलाओं समेत कुल एक करोड़ 76 लाख मतदाता कुल 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर मतदान

इस चरण में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ आजम खां, जया प्रदा, शिवपाल सिंह यादव, संतोष गंगवार और वरुण गांधी जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसमें उत्तर प्रदेश की कुल 10 लोकसभा सीटों मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत के लिये 23 अप्रैल को मतदान होगा। वर्ष 2014 में इनमें से सात सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया था। वहीं मैनपुरी, बदायूं और फिरोजाबाद सीटें सपा के खाते में गयी थीं। यहां 10 सीटों पर मुख्य मुकाबला सपा-बसपा-रालोद गठबंधन और बीजेपी के बीच ही होता दिख रहा है। मगर, कुछ सीटों पर कांग्रेस और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है।

महाराष्ट्र में 14 सीटों पर मतदान

23 अप्रैल को राज्य में करीब 249 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद होगा।

इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों का भविष्य तय होगा उनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे, राकांपा की सुप्रिया सुले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल के पुत्र और अहमदनगर से भाजपा के सुजय विखे पाटिल और स्वाभिमान पक्ष के राजू शेट्टी आदि शामिल हैं।

महाराष्ट्र में तीसरे चरण में मंगलवार को जिन 14 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा उनमें जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, रायगढ़, पुणे, बारामती, अहमदनगर, माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हातकणंगले शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में 123 उम्मीदवार मैदान में

छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़ तथा सरगुजा लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होगा। इन सीटों पर कुल 123 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें रायपुर में 25, बिलासपुर में 25, दुर्ग में 21,कोरबा में 13, रायगढ़ में 14, जांजगीर में 15 तथा सरगुजा में 10 उम्मीदवार हैं। तीसरे चरण के निर्वाचन के लिए एक करोड़ 27 लाख 13 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

 बिहार में 82 प्रत्याशी

तीसरे चरण में बिहार में तीसरे चरण में झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया में मतदान होगा। तीसरे चरण में 82 प्रत्याशियों की किस्‍मत का फैसला 88.31 लाख वोटर करेंगे।

कर्नाटक की 14, गोवा की 2, ओडिशा की 6, असम की 4 और गुजरात की 26 लोकसभा सीटों पर मतदान

कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों के लिए मतदान में 237 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा। 23 अप्रैल को गोवा की दो लोकसभा सीटों और तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव, ओडिशा की 6 लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा सीटों, असम की 4 लोकसभा सीटों, गुजरात की 26 लोकसभा सीटों पर चुनाव होग।

गुजरात की 26 सीटों के लिए एक ही चरण में सभी मतदान होगा।

ओडिशा की छह लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार रविवार शाम थम गया। भाजपा और बीजद समेत अन्य दलों के नेताओं ने यहां सघन प्रचार किया। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भुवनेश्वर, कटक, पुरी, संबलपुर, क्योंझर और ढेंकनाल लोकसभा सीटों और 42 विधानसभा क्षेत्रों पर मतदान होगा। प्रमुख उम्मीदवारों में बीजद के बी महताब, पिनाकी मिश्रा, अरुप पटनायक, भाजपा के संबित पात्रा, प्रकाश चंद्र मिश्रा और अपराजिता सारंगी आदि शामिल हैं।

गोवा की दोनों लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसी दिन तीन विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव भी होना है।

उत्तर गोवा, दक्षिण गोवा लोकसभा सीटों के साथ शिरोडा, मापुसा और मांद्रेम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आज शाम प्रचार थम गया।

भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी यहां अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया।

Disclaimer: इस लेख में अभिव्यक्ति विचार लेखक के अनुभव, शोध और चिन्तन पर आधारित हैं। किसी भी विवाद के लिए फोरम4 उत्तरदायी नहीं होगा।

Be the first to comment on "तीसरे चरण में 14 राज्यों में 116 सीटों पर मतदान, मुलायम, आजम और शिवपाल, संबित पात्रा सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*