सहायता करे
SUBSCRIBE
FOLLOW US
  • YouTube
Loading

यूपी चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट क्यों दे रही है कांग्रेस, जानिए?

उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उससे पहले सभी पार्टियां चुनावी रैलियां कर रही हैं। साथ ही तमाम नई घोषणाएं भी की जा रही हैं। कांग्रेस की तरफ से भी पहली घोषणा कर दी गई है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज 19 अक्टूबर को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बड़ा ऐलान किया है कि इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट दिया जाएगा। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। प्रियंका ने नया नारा दिया, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं।’ आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर #लड़की_हूं_लड़_सकती_हूं हैशटेग भी ट्रैंड कर रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि वह महिलाओं से अनुरोध करती हूं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं राजनीति में आएं।

महिलाएं कब तक कर सकती हैं आवेदन

यूपी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए महिलाएं 15 नवंबर तक आवेदन कर सकती हैं। प्रियंका ने कहा कि टिकट महिलाओं की योग्यता के आधार पर दिया जाएगा। जाति के आधार पर नहीं बल्कि हम महिलाओं को मेरिट के आधार पर टिकट देंगे। जो चुनाव लड़ना चाहता है आवेदन करें। हम उन्हें राजनीति में मौका देंगे। ज्यादा से ज्यादा महिलाएं आगे आएं।

प्रियंका ने आगे कहा कि उनका बस चलता तो मैं 50 फीसदी महिलाओं को टिकट देती। मैं यूपी की इंचार्ज हूं तो मैंने फिलहाल यूपी के लिए फैसला लिया है। केंद्र स्तर पर बाद में सोचा जाएगा। राजनीति पार्टियां सोचती हैं कि महिलाएं दो हजार रुपये देकर और सिलिंडर देकर खुश कर देंगे लेकिन राजनीति में बदलाव ऐसे नहीं आएगा।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस 40% महिलाओं को टिकट देने के लिहाज से UP की कुल 403 विधानसभा सीटों में से 161 पर महिला उम्मीदवार उतारेगी। प्रियंका जब यह ऐलान कर रही थीं, तब भी उनके मंच पर 7 पुरुष मौजूद थे और प्रियंका के आजू-बाजू केवल दो महिलाएं बैठी हुई थीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पार्टी का महिलाओं को टिकट देने का फैसला काफी चुनौतीभरा रहने वाला है।

40 फीसदी टिकट देने के पीछे ये वजह

प्रियंका ने कहा कि जब मैं 2019 के चुनाव में उत्तर प्रदेश आई थी, तो प्रयागराज में यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मुझसे मिलीं। उन्होंने बताया कि यहां लड़कों और लड़कियों के लिए अलग नियम हैं। इसके बाद हमने यह फैसला किया है। यह फैसला उन्नाव की उस लड़की के लिए है, जिसे जलाकर मारा गया। यह फैसला हाथरस की उस लड़की के लिए है, जिसे न्याय नहीं मिला। मुझे लखीमपुर में एक लड़की मिली थी। उसने कहा कि वह प्रधानमंत्री बनना चाहती है। हमारा फैसला उसके लिए है। यह सोनभद्र में उस महिला के लिए है, जिसने लोगों के लिए आवाज उठाई। यह फैसला UP की हर उस महिला के लिए है जो आगे बढ़ाना चाहती है, अपना भविष्य बनाना चाहती है या बदलाव लाना चाहती है।

Disclaimer: इस लेख में अभिव्यक्ति विचार लेखक के अनुभव, शोध और चिन्तन पर आधारित हैं। किसी भी विवाद के लिए फोरम4 उत्तरदायी नहीं होगा।

Be the first to comment on "यूपी चुनाव में महिलाओं को 40 फीसदी टिकट क्यों दे रही है कांग्रेस, जानिए?"

Leave a comment

Your email address will not be published.


*