नई दिल्ली: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियों की तैयारियां अब जोर पकड़ने लगी है। भारतीय चुनाव आयोग ने 3 नवंबर को गुजरात के 182 विधानसभा सीटों पर मतदान से लेकर परिणाम तक की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। इसके साथ ही 8 दिसंबर को मतगणना होगी। इसी दिन हिमाचल प्रदेश में भी चुनावों का परिणाम आने वाला है। हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों के लिए एक बार में ही मतदान 12 नवंबर को होने वाला है।
गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी के आ जाने से इस बार यहां त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है। पिछली बार भाजपा और कांग्रेस में कांटे का मुकाबला था। बता दें कि 14 वीं विधानसभा के लिए 2017 में हुए गुजरात चुनाव में विपक्ष में कांग्रेस को 77 सीटों के साथ जीत मिली। जबकि भारतीय जनता पार्टी को 99 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। अन्य के खाते में छह सीटें गई थीं। वर्तमान में बीजेपी के 111 सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के 62 विधायक हैं। दो सीटों पर BTP के विधायक हैं, तथा एक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और एक सीट पर निर्दलीय विधायक का कब्ज़ा है। राज्य में पांच विधानसभा सीटें रिक्त हैं।
दो चरणों में होगा मतदान
182 सीटों वाली विधानसभा का चुनाव दो चरणों में होगा। पहले चरण के तहत 1 दिसंबर और दूसरे चरण के तहत 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, नतीजों का ऐलान हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम के साथ 8 दिसंबर को किया जाएगा।
पहले चरण में 89 सीटों और दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग होगी।
गुजरात में वर्तमान में कुल 4.90 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें से 2.53 करोड़ पुरुष, 2.37 करोड़ महिला और 1,417 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। 3.24 लाख नए वोटर हैं।
मतदान के लिए कुल 51,782 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, 182 मॉडल पोलिंग स्टेशन होंगे। 50 फीसदी मतदान केंद्रों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। 33 पोलिंग बूथों पर युवा पोलिंग टीम होगी।
गुजरात विधानसभा का कार्यकाल अगले साल 18 फरवरी को समाप्त हो रहा है। गुजरात में कुल 182 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 92 है। 182 में से 13 विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के प्रत्याशियों के लिए आरक्षित हैं, तथा 27 विधानसभा सीटें अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखी गई हैं।

चुनाव आयोग की ओर से जारी तिथिवार जानकारी
शिकायत संबंधी ऐप का ऐलान
चुनाव आयोग ने एक बड़ा ऐलान किया है। आयोग के अनुसार इस बार के गुजरात चुनाव में किसी भी मतदाता द्वारा शिकायत करने पर 100 मिनट में जवाब दिया जाएगा। सी-विजिल एप पर वोटर शिकायत कर सकते हैं।
इसके अलावा चुनाव आयोग ने कोरोना पीड़ितों के लिए बड़ा ऐलान किया है। आयोग के अनुसार कोरोना से संक्रमित लोगों को घर से मतदान की सुविधा मिलेगी।
Be the first to comment on "गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम एक साथ, जानिये इस बार क्या खास होने वाला है?"